सामवेदीय नित्यकर्म पद्धतिः / आरम्भिक पृष्ठ · Front matter

उपोद्घात (Preface)

उपोद्घातः

वेदों का अध्ययन आजकल लुप्त प्राय हो गया है। ब्राह्मण वर्ग अपनी महत्ता को भूलकर स्वयं भी भूला हुआ है। मैं कौन हूँ? कहां हूं? किसका हूँ? किसके साथ मेरा कौन सम्बन्ध है? कहां से आया हूं? मुझमें कौन सी शक्ति है? इत्यादि बातें भी नहीं जानता। फलतः सभी संस्कार सङ्कीर्ण हो गये हैं, अतएव वेदोक्त कर्मों का फल ठीक २ नहीं मिलता। कर्म-काण्ड लाञ्छित होता है, मेरा तो दृढ विश्वास है कि विधिवैकल्य न हो तो फल में कभी न्यूनता नहीं आ सकती। इसी विचार से सब संस्कारों के मूलभूत नित्य कर्म का प्रकाशन आवश्यक है। यद्यपि वाजसनेयनित्यकर्म गीता प्रेस इत्यादि के द्वारा अनेक विध प्रकाशित हैं, परन्तु सामवेदियों के नित्यकर्म इधर प्रकाश में नहीं आते। अतः एक संक्षिप्त नित्यकर्मपद्धति लिखकर श्रद्धालु सज्जनों को इस ओर आकृष्ट करने का यह एक मेरा प्रयास है। इसे यदि लोग उचित समझें तो मैं अवश्य अपने को सफल समझूँगा।

इति

आश्रम पचरुखिया

चन्द्रभूषण द्विवेदी
आ० शु० ११ रवि०
२००५