आवश्यक वक्तव्य (Foreword) · पृ० २
ब्राह्मणों के लिये यह नित्य कर्म पद्धति प्रस्तुत की है। मैं सब भाइयों से निवेदन करता हूँ कि इसके अनुसार अपना कर्त्तव्य पालन करते हुये आप अपने को न भूलें मेरा दृढ़ विश्वास है कि व्यक्तिगत सुधार के द्वारा ही समाज और समष्टि की सत्ता स्थिर रह सकती है। साथ ही उक्त पण्डितजी से भी यह प्रार्थना है कि क्रमशः सभी संस्कारों की पद्धतियाँ हम लोगों के संमुख उपस्थित करें जिससे हम अपने कर्त्तव्यों को समझकर उसके अनुसार आचरण कर कृतार्थ हों। इस विषय में पण्डितजी ने अपनी एक दुःखद घटना उपस्थित की है, वे बतलाते हैं कि—“मेरी ज्येष्ठ कन्या चि० नर्मदा देवी के विवाह के समय उसके श्वसुर पण्डित केदारनाथ पाण्डेयजी देवरिया निवासी ने यह प्रस्ताव किया कि सामवेदीय पद्धति से ही संस्कार होना चाहिये। परन्तु “यजुः सर्वत्रगीयते” इस वाक्यांश के अनुसार मैंने उक्त प्रस्ताव को अस्वीकृत करके प्रचलित पद्धति के अनुसार ही संस्कार किया। आज अपने प्रिय जामाता पं० विन्ध्यवासिनी प्रसाद पाण्डेयजी के अभाव में परशाखाश्रित कर्म का फल वैयम्य भोग रहा हूँ। आप ब्राह्मण भाइयों से यह प्रार्थी हूँ कि मेरे एकमात्र दौहित्र चि० विजय शंकर कुमार की चिरजीविता का आशीर्वाद दें, जिससे उसकी माता को और मुझे शान्ति मिले” वास्तव में पण्डितजी की इस घटना के और भी कारण हो सकते हैं, परन्तु उनकी दृढ़निष्ठा का परिचय अवश्य इन पंक्तियों में झलकता है। अस्तु हम पण्डितजी के इस प्रयत्न का अभिनन्दन करते हैं और इसकी विशेषता का संक्षिप्त परिचय आपके सामने उपस्थित करते हैं। इस नित्यकर्म में ब्राह्मवेला से लेकर रात्रि शयन पर्यन्त दैनिक कर्त्तव्य की सूची संक्षेप में दी गई है आज की परिस्थिति का ध्यान रखकर विस्तार नहीं किया गया है, इसमें प्रकरण का विभाग अग्निहोत्रियों की दृष्टि से किया गया है परन्तु निरग्निक; जिनकी संख्या अधिक है उनके कर्त्तव्यों की सूचना इस प्रकरण में अवश्य दी गई है—प्रातःस्मरण शौचादि १ दन्त-
Editorial notes
- “वैयम्य” is printed so; probably meant for वैषम्य.